चंडीगढ़ः शिअद नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीएम पंजाब भगवंत मान को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का दूसरा रूप बताया। उन्होंने कहा कि कई लोगों के सोशल मीडिया अकाउंट बैन कर दिए गए हैं। इनमें पंजाबी गायक, बब्बू मान, जसबीर जस्सी समेत न्यूज चैनल, इन्फ्लुएंसर, किसान एकता मोर्चा व कई अन्य लोग शामिल हैं। मजीठिया ने पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के एक्साइज रेवेन्यू में 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी को ओपन चैलेंज दिया। उन्होंने कहा कि यह 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी नहीं, बल्कि आंकड़ों की ठगी है। यहां तक कि सरकारी खजाने से 200 करोड़ रुपए की लूट है।
मजीठिया ने एक्साइज पॉलिसी से संबंधित दस्तावेज भी दिखाए। उन्होंने आबकारी नीति की आड़ में लूट के आरोपों को सही ठहराने वाले मंत्रियों में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, कुलदीप सिंह धालीवाल और हरजोत सिंह बैंस के नाम गिनाए। उन्होंने वह दस्तावेज भी दिखाए, जिस पर उक्त तीनों मंत्रियों के हस्ताक्षर होने का दावा किया। मजीठिया ने भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अश्वनी शर्मा से सवाल किया कि क्या AAP की भाजपा से सेटिंग हो गई है। दिल्ली में बनाई आबकारी नीति में करोड़ों रुपए की धांधली पर पूर्व सीएम मनीष सिसोदिया को पकड़ लिया गया। लेकिन सिसोदिया ने ही पंजाब की आबकारी नीति बनाई और उक्त मंत्रियों ने करोड़ों रुपए की धांधली की तस्दीक किए जाने की बात कही।
मजीठिया ने कहा कि साल 2021-22 में 74 L-1 लाइसेंस थे। लेकिन AAP सरकार बनने के बाद इनकी संख्या केवल 7 रह गई है। बावजूद इसके AAP सरकार मोनोपली तोड़ने की बात कहती है, जबकि मोनोपली बनाई गई है। मजीठिया ने कहा कि दिल्ली में अमनदीप ढल्ल पर केस दर्ज किया गया है, उसके भी पंजाब में काम दिया गया। उन्होंने कहा कि अनंत वाइन वाले तुषार चोपड़ा और ब्रिंडको के अमनदीप ढल्ल शामिल हैं। मजीठिया ने बताया कि अमनदीप मार्च महीने में सिसोदिया केस में दिल्ली में पकड़ा गया था। उन्होंने दावा किया कि अमनदीप ने बीते साल सरकारी खजाने में 4 करोड़ रुपए जमा कराए, जबकि 50-60 करोड़ रुपए की कमाई की गई। अनंत वाइन और ब्रिंडको, दोनों ने मिलकर पंजाब में 50 प्रतिशत बिजनेस किया है, जबकि अन्य सभी ने पचास प्रतिशत बिजनेस किया है। बताया कि इसकी पुष्टि AAP के ही दस्तावेज कर रहे हैं। बीते साल रेवेन्यू का 28 करोड़ रुपए जमा हुआ है। जबकि इस बार करीब 150 करोड़ होने का दावा किया जा रहा है।
बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि जो लोग पंजाब सरकार से सवाल करते हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। मजीठिया ने आप सरकार पर लोकतंत्र को खत्म करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पंजाब में इमरजेंसी जैसे हालात बने हुए हैं। कहा कि यदि लोकतंत्र की रक्षा के लिए जेल आंदोलन चलाना पड़ा तो वह इसके लिए तत्पर हैं। स्वयं के कट्टर ईमानदार होने का दावा करने वाले कट्टर बेईमान हैं। राकेश चौधरी और रेत माफिया के मामले में आप के प्रवक्ता ने हाईकोर्ट से स्टे होने के दावे किए। मजीठिया ने कहा कि उन्होंने मामले में आप को चुनौती दी। लेकिन आज तक उन्हें जवाब नहीं दिया गया और न ही हाईकोर्ट की स्टे दिखाई गई।
