लुधियानाः बीआरएस नगर में स्थित सिंधी बेकरी में घुसकर बीते दिन बदमाशों द्वारा बेकरी मालिक के बेटे पर गोलियां चलाई गई थी। इस घटना में गोली लगने से घायल बेकरी मालिक के बेटे को मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं आज कांग्रेस प्रधान व सासंद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की पत्नी अमृता वडिंग बेकरी मालिक के बेटे का अस्पताल में हाल जानने पहुंची।
जहां मीडिया से बात करते हुए अमृता वडिंग ने कहाकि शहर में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति काफी खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि गनीमत यह रही कि इस घटना में बेकरी मालिक के बेटे की जान बच गई है। अमृता वडिंग ने कहा कि अभी उसकी सर्जरी हुई है, लेकिन हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सरेआम गोलियां चलना चिंताजनक बात है। ऐसे में दुकानदार और आम जनता की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे है। अमृता वडिंग ने कहा कि सरेआम हमलावारों द्वारा आधा घंटे पहले गोलियां चलाई गई।
जिसके बाद दोबारा हमलावारों ने आकर फिर बेकरी मालिक के बेटे पर गोलियां चलाई। अमृता वडिंग ने कहा कि भले ही पुलिस ने मोगा में हुई मुठभेड़ में दो आरोपियों को काबू कर लिया है, लेकिन पुलिस को आरोपियों से पूछताछ में पता करना चाहिए कि वह कौन लोग है और उनकी गोलियां चलाने की मंशा क्या थी। अमृता वडिंग ने कहा कि इससे पहले पंजाब में ऐसे हादसे कभी देखने को नहीं मिले थे। उन्होंने कहा कि इससे पहले अमृतसर में एनआरआई के घर में घुसकर हमलावारों द्वारा सरेआम गोलियां चलाने का मामला सामने आया था।
बता दें कि देर रात पुलिस और बदमाशों में हुई मुठभेड़ एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों बदमाश दीपा लाहौरिया गैंग के थे। आरोपियों की पहचान जसमीत सिंह उर्फ मीता पुत्र रणधीर सिंह निवासी आरा बहोना चौक और विकास कुमार उर्फ कासा पुत्र वरिंदर कुमार निवासी पहाड़ा सिंह चौक के रूप में हुई है।
गोली लगने से घायल गैंगस्टर को देर रात मोगा स्थित एक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। मोगा पुलिस ने दोनों बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है। सूत्रों मुताबिक, पता चला है कि करीब 1 सप्ताह पहले सराभा नगर इलाके में एआरआई की कोठी के बाहर इन्हीं दोनों बदमाशों ने गोलियां चलाई थी। उस समय बदमाश बलीनों कार पर सवार होकर आए थे। घटना की सीसीटीवी फूटेज भी सामने आई थी। थाना सराभा नगर की पुलिस बदमाशों को लोकेट करने में जुटी हुई थी।
