चंडीगढ़: हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि ग्राम बहालगढ़ में पेयजल आपूर्ति एवं अपशिष्ट जल निस्तारण की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कार्य किए जा रहे हैं। विधानसभा सत्र के दौरान विधायक कृष्णा गहलावत द्वारा पूछे गए एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत ग्राम बहालगढ़ में पेयजल आपूर्ति एवं अपशिष्ट जल निस्तारण संबंधी कार्य 3 वर्ष के भीतर पूरे किए जाने की संभावना है।
रणबीर गंगवा ने बताया कि पर्याप्त फ्लोटिंग जनसंख्या एवं ग्राम के शहरी स्वरूप को देखते हुए यहां महाग्राम योजना की तर्ज पर पेयजल आपूर्ति एवं सीवरेज सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव है। पेयजल व्यवस्था के लिए एसएमडीए द्वारा जाजल में विद्यमान चार 10 एमएलडी क्षमता के रैनी वेल के अतिरिक्त 10 एमएलडी क्षमता के पांचवें रैनी वेल को स्वीकृति दी गई है।
मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि ग्राम बहालगढ़ ग्राम पंचायत के अधिकार क्षेत्र में आता है तथा सीवरेज संबंधी कार्य पीएचईडी द्वारा किए जाने हैं। इसके लिए एसटीपी एवं सीवर लाइनों सहित सीवरेज प्रणाली की डीपीआर तैयार की जा रही है।