अमृतसरः भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने अपने दफ्तर में बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम “मन की बात” को सुना। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने खाड़ी क्षेत्र में चल रहे युद्ध को ध्यान में रखते हुए देशवासियों को भरोसा दिलाया है कि भारत में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है। जहाजों के जरिए सप्लाई लगातार आ रही है, इसलिए लोगों को किसी भी बात की चिंता करने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कांग्रेस पार्टी और खासकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश में जान-बूझकर डर का माहौल बनाया जा रहा है। चुघ ने कहा कि यह “मनगढ़ंत डर” पैदा करके लोगों को गुमराह करने की कोशिश है और विदेशी ताकतों के इशारे पर भारत को कमजोर करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें और सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों पर विश्वास रखें।