इंदौरः रीजनल पार्क का सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। यहां पर बर्थडे पार्टी के दौरान कुछ युवक शराब पी रहे थे। सूचना मिलने पर बीट के जवान मौके पर पहुंचे तो युवकों ने पुलिस से धक्का-मुक्की की और फरार हो गए। पुलिस ने युवकों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन अभी तक किसी भी युवक की पहचान नहीं हो पाई और उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जानकारी मुताबिक, राजेन्द्र नगर के रीजनल पार्क में रविवार रात कुछ लड़के बर्थडे पार्टी मनाने के बाद शराब पी रहे थे। ऐसे पार्क में खुलेआम शराब पीने से पार्क का माहौल खराब हो रहा था जिसकी सूचना मिलते ही बीट के 2 जवान राहुल गुर्जर और पवन गुर्जर मौके पर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने युवकों को रोका, वे पुलिसकर्मियों से बहस करने लगे और बाद में मारपीट करने पर उतारू हो गए। रीजनल पार्क के स्टाफ और अन्य लोगों ने पुलिसकर्मियों का बचाव किया।
बताया जा रहा है कि राजेन्द्र नगर थाने के राहुल और पवन ने एफआरवी को कॉल किया, लेकिन समय पर एफआरवी नहीं पहुंची, जिससे युवक मौके से भाग गए। बाद में पुलिसकर्मी उन्हें पकड़ने की बात करते रहे, लेकिन उनका पहचान नहीं हो पाई। मंगलवार सुबह यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। पुलिस अब वीडियो के आधार पर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश कर रही है।
