छु़ड़वाने आए परिजनों के साथ भी की मारपीट
लुधियानाः प्रताप चौक में राहगीर से मारपीट करने से रोकना एक नाबालिग को इतना भारी पड़ा कि हमलावरों ने नाबालिग पर ही तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। जब उसने बचाव के लिए किसी तरह से अपने परिवार को सूचित किया और पता चलने पर जब पीड़ित के पिता, उसकी मां व चाचा-चाची मौके पर आए तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा और उनसे भी मारपीट की गई। जख्मियों को लहुलूहान हालत में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। नाबालिग युवक की पहचान शौर्य वर्मा (16) के रूप में हुई है। इसी के साथ उसके पिता विक्रमजीत वर्मा, माता पूजा वर्मा, चाचा विकास वर्मा व चाची ज्योति वर्मा को भी मामूली चोटे आई हैं। हमलावरों की तरफ से मारपीट की वारदात कैमरे में कैद हो गई, जिसमें दिखाई दे रहा है कि किस तरह हमलावर नाबालिग को जमीन पर लेटाकर लाठियों व राडों से मारपीट कर रहे है। पीड़ितों ने घटना के बाद मामले की शिकायत पुलिस को दे दी है।
शिकायत मिलने पर जांच कर थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस ने एस.ए.एस. नगर के रहने वाले विक्रमजीत वर्मा के बयान पर कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान चेत सिंह नगर के रहने वाले पंकज यादूवंशी, प्रताप नगर के कुशल वर्मा, साहिब व उनके अज्ञात दर्जन के करीब साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयान में विक्रमजीत सिंह ने बताया कि उसका बेटा 11वीं कक्षा में पढ़ता है। शुक्रवार को उसका बेटा किसी काम के चलते चंडीगढ़ गया था, वहां से वापस आकर वह अपने एक्टिवा लेकर दुगरी अपनी मैडम के पास टयूशन के लिए गया था। जब वापस आ रहा था तो प्रताप चौक के निकट कुछ लोग एक युवक को पीट रहे थे। हमलावरों में एक युवक से उसकी जान पहचान थी तो उसने युवक को पीटने से रोका। इसी बात से गुस्साए अन्य युवकों ने उसे घेर लिया। उसके बेटे ने किसी तरह से फोन कर उन्हें सूचित किया कि उसे उक्त लोगों ने घेरा हुआ है और उसके साथ मारपीट कर रहे है, उसे आकर बचा लो।
फोन सुनने के बाद वह अपनी पत्नी व भाई भाभी को लेकर मौके पर गया तो देखा कि उक्त लोग उसके बेटे से मारपीट कर रहे है और हमलावर उसे जमीन पर लिटा कर पीट रहे थे। उन्होंने हमलावरों को मारपीट करने से मना किया तो हमलावरों ने इस दौरान उसके भाई पर भी तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इस कारण उसकी अगूंली कट गई। हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की। जब उसकी पत्नी व भाभी हमलावरों को रूकने के लिए मिन्नतें कर रही थी तो हमलावरों ने उनकी भी लाठियों से पिटाई करनी शुरू कर दी और उसके बेटे व भाई को पीटते रहे। जब किसी राहगीर ने फोन पर पुलिस को सूचित किया तो पता चलते ही हमलावर उन्हें जान से मारने की धमकियां देते हुए अपनी स्कॉर्पियो में सवार होकर भाग निकले।
नाबालिग के पिता ने बताया कि उक्त आरोपी फाइनैंस का काम करते है और उनके साथ हमलावरों की पुरानी रजिंश भी है। हमलावर आए दिन इलाके में इसी तरह से लोगों के साथ मारपीट करते है और अपनी राजनीति पहुंच की धमकी भी देते है। एक आरोपी यूथ कांग्रेस के प्रधानगी के चुनाव लड़ रहा है और जिसने स्कॉर्पियो के पीछे अपना बैनर भी लगा रखा है। सब इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले को लेकर कार्रवाई की जा रही है और आरोपियो की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी।