करनालः पहलगाम में TRF के आतंकियों ने 26 टूरिस्टों की गोली मारकर हत्या कर दी। आतंकियों ने पहले धर्म के आधार पर हिंदू टूरिस्टों की पहचान की। उन्हें एक जगह एकट्ठा किया और फिर गोली मार दी। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद पूरा देश गम और गुस्से में है। वहीं आतंकियों की गोली से शहदी हुए करनाल के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की नवविवाहित पत्नी उनकी पार्थिव देह से लिपटकर रो पड़ी। विनय का शव करनाल लाने से पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर लाया गया। जहां गुरुग्राम की रहने वाली पत्नी हिमांशी ने विनय के लिए कहा कि आई एम प्राउड ऑफ यू (मुझे आप पर गर्व है)। हिमांशी ने विनय को सैल्यूट करते हुए जय हिंद कहा।
हिमांशी ने बिलखते हुए कहा कि जितने भी दिन साथ में गुजारे, वो बेस्ट थे। मैं अब कैसे जिऊंगी? मैं आपको हर पल याद रखूंगी। हमें आप पर हमेशा गर्व रहेगा। बता दें कि कल (22 अप्रैल) को पहलगाम में आतंकियों ने नेवी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल (26) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उनकी 7 दिन पहले ही गुरुग्राम की हिमांशी नरवाल से शादी हुई थी। वे दोनों 21 अप्रैल को हनीमून मनाने के लिए पहलगाम गए थे। वहां पहुंचने के अगले ही दिन, 22 अप्रैल को विनय की हत्या कर दी गई।
वहीं विनय की मौत की सूचना मिलते ही उनके पिता, बहन और ससुर रात को ही कश्मीर रवाना हो गए थे। वहां बुधवार सुबह विनय का पोस्टमॉर्टम हुआ। जिसके बाद पार्थिव देह हवाई मार्ग से दिल्ली पहुंची। जहां नेवी हेडक्वार्टर में नौसेना चीफ एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। विनय का अंतिम संस्कार आज शाम को ही करनाल के मॉडल टाउन स्थित श्मशान घाट में होगा। जिसमें सीएम नायब सैनी भी आएंगे। सीएम ने वीडियो कॉल पर विनय के दादा से बात करते हुए कहा कि सरकार उनके साथ खड़ी है।