नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अपराधियों का हौंसला इतना बुलंद है कि वो छिटपुट झगड़े को लेकर किसी की जान लेने से भी परहेज नहीं कर रहे। दिल्ली के उत्तम नगर थाना इलाके में 19 साल के युवक की सरेराह बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद हत्यारों ने लोगों को धमकी भी दी कि अगर किसी ने उनके या उनके घर के बारे में पुलिस को कुछ बताया तो अगला नंबर उसी का होगा। मृतक युवक की पहचान राज (19) के रूप में हुई है। वह काली बस्ती में अपनी किन्नर मां के साथ रहता था। उसे किन्नर समाज की एक किन्नर ने 4 साल की उम्र में गोद लिया था।
बीच-बचाव करने पहुंचे युवक की हत्या
जानकारी के मुताबिक राज बहुत ही नेक और मिलनसार स्वभाव का युवक था। फिलहाल वह पढ़ाई छोड़ कर ब्यूटी पार्लर का कोर्स कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह किसी काम से घर के पास स्थित बाजार गया था, जहां कुछ लोग झगड़ा कर रहे रहे थे। राज और वहां मौजूद एक महिला ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने झगड़ा खत्म करने की बजाय पिस्तौल निकाल कर राज को 2 गोलियां दाग दी। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्यारों ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, जिसमें वो कह रहे हैं कि अगर उनके बारे में किसी ने भी पुलिस को कुछ बताया तो उनका अगला शिकार वे होंगे। इस दौरान उन्होंने किन्नर समुदाय को काफी भद्दी गालियां भी दी।
