फगवाड़ाः शहर के पॉश इलाके मॉडल टाउन में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब शराब के नशे में एक व्यक्ति कथित तौर पर श्री गीता भवन मंदिर में घुसकर हंगामा करने लगा। स्थानीय लोगों और सफाई कर रहे व्यक्ति ने उसे रोकने का प्रयास किया और मामले की सूचना तुरंत पुलिस व लोगों को दी। सूचना मिलते ही विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे और पकड़े गए व्यक्ति को पुलिस के हवाले करवाया।
पुलिस की मौजूदगी में जब उसकी कार की तलाशी ली गई तो उसमें से तलवारें, शराब की बोतलें, पुलिस की वर्दी और किसी अन्य व्यक्ति के पहचान पत्र बरामद होने की बात सामने आई। उक्त व्यक्ति की कार पर एक राजनीतिक पार्टी का झंडा भी लगा हुआ था। पुलिस ने व्यक्ति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बरामद सामान और पहचान पत्रों को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

