जालंधर, ENS: गोल्डन एवेन्यू फेस-2 में घर के बाहर खतरनाक कोबरा सांप दिखाई देने से लोगों में हड़कंप मच गया। दरअसल, बरसात के मौसम में अक्सर पानी भरने या बिलों में पानी जाने के कारण सांप बाहर सुरक्षित स्थानों की तलाश में रिहायशी क्षेत्रों में आ जाते हैं। घर के बाहर कोबरा देखकर स्थानीय लोग घबरा गए और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। फन फैलाए कोबरा को देखकर लोग घबरा गए और तुरंत घटना स्थल से दूर हो गए।
जिसके बाद लोगों द्वारा तुरंत रेस्क्यू टीम को सूचना दी। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने सदस्य ने सावधानीपूर्वक कोबरा को रेस्क्यू करने की प्रक्रिया शुरू की। काफी मशक्कत के बाद टीम ने कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। वहीं सपेरे द्वारा कोबरा को एक सुरक्षित स्थान पर ले जाकर छोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में सांप और अन्य जहरीले जीव अक्सर आबादी वाले क्षेत्रों में आ जाते हैं। ऐसे में सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास नहीं करना चाहिए, बल्कि तत्काल पुलिस, वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना देकर सुरक्षित तरीके से हटवाना चाहिए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घर के बाहर सांप दिखाई देने के बाद काफी देर तक लोग डरे रहे। कोबरा को इलाके के सबसे खतरनाक जहरीले सांपों में से एक माना जाता है, इसलिए लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ था। हालांकि, कोबरा के काटने के बाद मौत का समय तय नहीं होता। यह जहर की मात्रा, काटने की जगह, पीड़ित की स्थिति और इलाज मिलने में लगने वाले समय जैसे कई कारकों पर निर्भर करता है। वैसे बताया गया कि ऐसे सांप के काटने से 20-30 मिनट के अंदर व्यक्ति की मौत हो सकती है। अतः सांप के काटने की स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता लेना बेहद जरूरी है।