जालंधर, ENS: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के जिला सचिव अश्वनी अटवाल के निवास स्थान पर 15 से 20 उपद्रवियों द्वारा हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है।घटना के समय अटवाल घर पर मौजूद नहीं थे। हमलावरों ने उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाते हुए घर पर धावा बोला और उनकी बुजुर्ग चाची के साथ मारपीट की, जिसमें वह घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही बीजेपी के जालंधर जिला प्रधान अशोक सरीन हिक्की पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं, स्थानीय पार्षदों और कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और इस वारदात की कड़े शब्दों में निंदा की।
अश्वनी अटवाल की गैरमौजूदगी में 15-20 लोगों की भीड़ ने उनके घर पर हमला किया और घर में मौजूद महिला पर हमला कर उन्हें चोट पहुंचाई। बीजेपी जिला प्रधान अशोक सरीन ने खुलासा किया कि हमला करने वाले व्यक्तियों पर पहले से ही नशीले पदार्थों (एनडीपीएस) से संबंधित मामले दर्ज हैं। अशोक सरीन ने कहा कि 15-20 लोगों को साथ लेकर किसी के घर पर हमला करना यह स्पष्ट करता है कि उनकी मंशा पहले से ही हिंसा करने की थी।
उन्होंने इसे सरेआम गुंडागर्दी करार देते हुए कहा कि पार्टी इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि अश्वनी अटवाल एक समर्पित और जुझारू कार्यकर्ता हैं, कोई अपराधी नहीं हैं, और उनका किसी भी असामाजिक तत्व से कोई संबंध नहीं है। इस दौरान पार्षद व लीडर ऑफ हाउस मनजीत सिंह टीटू, सोमा जी, मंडल प्रधान सोनू चौहान, दीपक तेलू, मंडल प्रधान ऋषि बहल, मनीष बल, दविंदर भारद्वाज सहित कई प्रमुख नेता व मोहल्ले के लोग मौजूद रहे।
प्रशासनिक प्रतिक्रिया पर स्थिति स्पष्ट करते हुए अशोक सरीन ने बताया कि पुलिस अधिकारियों से सीधी बातचीत हुई है और प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि हमलावरों और महिला पर हमला करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी धारा के तहत कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय समाज और मोहल्ले के लोगों ने भी एकजुट होकर पीड़ित परिवार का समर्थन किया है।