नई दिल्लीः भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर बीसीसीआई ने आईपीएल 2025 को एक सप्ताह के लिए सस्पेंड कर दिया है। मामले की जानकारी बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने दी है। इस दौरान उन्होंने कहा कि आईपीएल को फिलहाल एक सप्ताह के लिए टाल दिया गया है। इसका नया शेड्यूल एक सप्ताह बाद जारी किया जाएगा।

बीसीसीआई का कहना है कि 7 दिन के बाद दोबारा हालात की समीक्षा की जाएगी और उसके बाद ही आईपीएल दोबारा शुरू हो सकता है। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि अभी आईपीएल पूरी तरह सस्पेंड नहीं किया गया। इसे सिर्फ एक हफ्ते के लिए रोका गया है। हालात की समीक्षा के बाद दोबारा नया शेड्यूल जारी होगा।
वहीं दूसरी ओर आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने एक हफ्ते के लिए आईपीएल सस्पेंड होने पर कहा, ‘आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने इस मामले में एक ईमेल जारी किया है। इसमें कहा गया, ‘ये फैसला आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की ओर से सभी टीमों से उचित राय के बाद लिया गया। इन फ्रेंचाइज़ियों ने अपने खिलाड़ियों की चिंताओं और भावनाओं के साथ-साथ प्रसारक, प्रायोजकों और प्रशंसकों के विचार भी साझा किए। बीसीसीआई को हमारी सशस्त्र सेनाओं की ताकत और तैयारियों पर पूरा भरोसा है, लेकिन बोर्ड ने ये फैसला सभी हितधारकों के सामूहिक हित में लेना सही समझा।’