नई दिल्लीः संयुक्त अरब अमीरात में दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के विमान (एफजेड-1073) को हाईजैक कर बुधवार को क्रैश कराने की कोशिश हुई। काकपिट में ओमानी को-पायलट के हमले के बाद भारतीय पायलट स्मित मछार की सूझबूझ और बहादुरी से 174 यात्रियों (27 बच्चे शामिल) की जान बच गई। जिसके बाद अब दुनियाभर में भारतीय पायलट स्मित मछार की बहादुरी की तारीफ हो रही है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू भी स्मित मछार की हिम्मत की सराहना कर रहे हैं। स्मित मछार वो पायलट हैं, जिन्होंने एक ऐसा हादसा होने से बचा लिया, जिसमें 174 यात्रियों की जिंदगी दांव पर लगी थी।
फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 की घटना हैरान करने वाली है, लेकिन स्मित मछार की सूझबूझ ने कई लोगों की जान बचा ली। भारतीय पायलट पर चाकू से हमले के बाद को-पायलट ने विमान को क्रैश कराने की कोशिश की थी। इस दौरान इजरायली यात्री भी वहां पहुंच गए और उन्होंने हमलावर पर काबू पाने में मदद की। विमान अपहरण की आशंका के चलते इजरायल ने अपने लड़ाकू विमान रवाना कर दिए थे। बाद में विमान को सऊदी अरब के तबुक में आपात लैंडिंग की।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस घटना को ‘सुरक्षा से जुड़ी बेहद गंभीर घटना’ बताते हुए एक बयान में कहा, ‘उड़ान के दौरान जब वे इजरायल के करीब पहुंच रहे थे, तो एक पायलट ने दूसरे पायलट को चाकू मार दिया और ऐसा लगता है कि उसने यात्रियों के साथ विमान को क्रैश करने की कोशिश की।’ उन्होंने यात्रियों के हवाले से बताया कि जब विमान गोता लगाने लगा तो यात्रियों और क्रू के एक सदस्य ने काकपिट का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। उन्होंने देखा कि को-पायलट विमान के सिस्टम को खराब करने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने चाकू मारने वाले पायलट को काबू में कर लिया।
इसके बाद एक और चालक दल सदस्य काकपिट में आया और विमान को स्थिर करने में मदद की। इजरायली प्रधानमंत्री ने कहा कि सभी यात्री खतरे से बाहर हैं। चाकू मारने वाले पायलट को गिरफ्तार कर लिया गया है और सऊदी अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं उन नायकों को सलाम करता हूं जिन्होंने असाधारण सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उन्होंने कई जानें बचाईं और एक बड़ी त्रासदी को रोका।’ नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और प्रधानमंत्री ने इजरायल आने वाले इजरायली व गैर-इजरायली विमानों की कड़ी सुरक्षा के आदेश भी जारी किए हैं।
‘फ्लाइट ट्रैकिंग’ के अनुसार, दुबई से उड़ान भरने के लगभग ढाई घंटे बाद विमान ने इमरजेंसी अलर्ट भेजा। इस दौरान विमान 30 सेकेंड में 33,000 फीट से 17,000 फीट नीचे आ गया। तबुक के प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने बताया कि विमान ने स्थानीय समयानुसार सुबह 8:44 बजे डिस्ट्रेस काल की। इसके बाद उसने जार्डन की सीमा के पास अजीब तरह से चक्कर लगाया और लगभग एक घंटे बाद सुबह 9:45 बजे तबुक में उतर गया।