जालंधर, ENS: कांशी नगर इलाके में देर रात जमकर हंगामा देखने को मिला। जहां 2 घरों पर जानलेवा हमले करते हुए युवकों द्वारा ईंट-पत्थर बरसाए गए। इस दौरान वाहनों की भी तोड़फोड़ की गई। बताया जा रहा हैकि मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान पीड़ित परिवार के अनुसार, बुधवार देर रात को जब वे अपने पालतू कुत्तों को लेकर छत पर गए थे, तभी पड़ोस में रहने वाले लकी नामक युवक ने ऊपर से चिल्लाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि वह नशे का आदी है और परिजनों द्वारा उसका नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती भी करवाया गया था। जब उससे शांत रहने और बातचीत से मामला सुलझाने की बात कही गई तो वह तैश में आ गया। कुछ ही देर बाद आरोपी युवक अपने 7 से 8 अन्य साथियों के साथ आया और घर पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले के दौरान परिवार के सदस्यों ने तुरंत घर के दरवाजे अंदर से बंद कर अपनी जान बचाई।
ईंटें चलने के कारण घर के बाहर और छत पर काफी नुकसान हुआ है। साथ ही, पूरी गली में ईंट-पत्थरों के टुकड़े बिखरे दिखाई दिए। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि हमलावर युवक नशे (चिट्टे) का सेवन करता है और इलाके में माहौल खराब करता है। पीड़ित के अनुसार हमलावारों ने मुंह ढके हुए थे। इस दौरान घर में 2 साल का बच्चा घटना से डर गया। घटना की तस्वीरें भी सामने आई है, जिसमें देखा जा सकता है कि गली में पत्थर बिखरे हुए है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद भार्गव कैंप थाने से पुलिस टीम (ड्यूटी ऑफिसर एसआई शाम लाल) और स्थानीय पार्षद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।