यमुनानगरः हरियाणा के यमुनानगर में सड़क हादसे में अमेरिका से डिपोर्ट हुए युवक की मौत हो गई। वहीं इस घटना में 3 साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें 10 सैकेंड में खुशिया मातम में बदल गई। दुर्घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें चारों युवक स्कॉर्पियो में सवार होकर गाने सुनते और मस्ती करते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान स्कॉर्पियो सामने से आती थार से टकरा जाती है। हादसे के बाद भी मोबाइल में वीडियो रिकॉर्डिंग चलती रहती है, लेकिन उसमें ब्लैक स्पॉट ही दिखाई देता रहता है।
मृतक की पहचान लाहड़पुर निवासी रितिक (25) के रूप में हुई है। उसके पिता राजेंद्र कुमार सरपंच रह चुके हैं। रितिक उनका इकलौता बेटा था। रितिक करीब ढाई साल पहले डंकी के रास्ते अमेरिका गया था और वहां ट्रक चलाता था। वह लगभग दो महीने पहले ही डिपोर्ट होकर भारत लौटा था। हादसा तब हुआ जब चारों युवक स्कॉर्पियो में कालाआंब की ओर जा रहे थे। असगरपुर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार थार से उनकी स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के एयर बैग खुल गए और गाड़ी पलटते हुए काफी दूर जाकर रुकी। स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं थार के एक साइड के दो टायर रिम समेत टूट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया।
ललित सैनी ने बताया कि रात करीब 8:30 बजे वह अपने घर पर था। इसी दौरान उसके ताऊ के बेटे रितिक का फोन आया। उसने बताया कि उसके दोस्त रजत और हर्ष निवासी गांव प्यारेवाला (पंचकूला) उनके पास आ रहे हैं और सभी को घूमने जाना है। कुछ देर बाद रजत और हर्ष अपनी काले रंग की स्कार्पियो लेकर उसके घर पहुंचे। इसके बाद चारों स्कार्पियो में सवार होकर पहले रसूलपुर गए और फिर वहां से कालाआंब की तरफ रवाना हो गए।
उस समय गाड़ी रितिक चला रहा था, जबकि वह उसके साथ अगली सीट पर बैठा था। ललित के अनुसार रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच जब वे असगरपुर गांव से थोड़ा आगे पहुंचे तो सामने से कालाआंब की ओर से एक काले रंग की यूके नंबर थार तेज रफ्तार और लापरवाही से आती दिखाई दी। थार ड्राइवर ने सीधे उनकी स्कार्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी स्कार्पियो पलट गई, जबकि थार भी सड़क किनारे उतर गई। हादसे के बाद रितिक, रजत और हर्ष गंभीर चोटों के कारण बेहोश हो गए। राहगीरों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को पहले सिविल अस्पताल सढौरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिविल अस्पताल जगाधरी रेफर कर दिया गया।
ललित ने बताया कि उसकी और रितिक को परिजन उन्हें एमएम अस्पताल मुलाना ले गए, जबकि रजत और हर्ष को उनके परिवार वाले फोर्टिस अस्पताल मोहाली लेकर गए। एमएम अस्पताल मुलाना में इलाज के दौरान उसके ताऊ के बेटे रितिक की मौत हो गई, जबकि वह स्वयं अस्पताल में भर्ती है। सूचना मिलने पर सढौरा थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल ललित का बयान दर्ज किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात थार ड्राइवर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों और आरोपी ड्राइवर की पहचान करने में जुटी हुई है।
