बांद्रा। मुंबई के बांद्रा इलाके में हुए एक हिट एंड रन हादसे ने एक बार फिर शहर को झकझोर दिया है। बांद्रा इलाके में दर्दनाक में 25 वर्षीय मॉडल शिवानी सिंह की जान चली गई, जबकि उनकी एक साथी घायल हो गई है। मॉडल बाइक से अपनी दोस्त के साथ घूमने निकली थीं उसी दौरान यह हादसा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, एक पानी का टैंकर बाइक सवार को टक्कर मारकर फरार हो गया। पुलिस टैंकर चालक को ढूंढने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बांद्रा पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, पानी के टैंकर की बाइक से सीधी टक्कर हुई, और टैंकर चालक घटना के बाद मौके से भाग गया। हादसे में मलाड की निवासी शिवानी सिंह की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि शिवानी सिंह और उनकी दोस्त बाइक पर सवार होकर बांद्रा के डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर रोड से गुजर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार पानी का टैंकर सामने आ गया और बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद शिवानी सिंह बाइक से उछलकर टैंकर के पहिए के नीचे आ गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें नजदीकी भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी टैंकर चालक का पता लगाने की कोशिश कर रही है।