पंचकूलाः कालका अनाज मंडी में विष्णु टेंट हाउस की दुकान में भीषण आग लग जाने के कारण दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है। मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में टेंट हाउस के मालिक का करीब 10 से 15 लाख रुपए का अनुमानित नुकसान हो गया। जानकारी के मुताबिक दुकान के अंदर लड़के सोए हुए थे और उन्हें गर्मी जैसा महसूस हुआ तो उन्होंने उठकर देखा तो दुकान में आग लगी हुई थी और उन्होंने किसी तरह बाहर निकाल कर अपनी जान बचाई।
इस हादसे की सूचना तुरन्त दुकान मालिक को दी गई। जिसके बाद उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की सूचना 112 पर कॉल कर पुलिस को दी। मौके पर फायर ब्रिगेड को बुलाया और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
बताया जा रहा है की दुकान के अंदर करीब आठ दस सिलेंडर भी पड़े हुए थे जिनमें कुछ भरे हुए थे और कुछ खाली थे जिन्हें फायर स्टेशन कर्मियों द्वारा सुरक्षा के साथ बाहर निकाल लिया गया नहीं तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था।
