ऊना,सुशील पंडित: वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना के कक्षा दसवीं के होनहार खिलाड़ी हर्षदीप सिंह ने 15 एवं 16 अगस्त को कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित 5वीं सीनियर एवं जूनियर राज्य स्तरीय रिंग टेनिस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। रिंग टेनिस प्रतियोगिता में हर्षदीप सिंह ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा, आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास का परिचय देते हुए पुरुष वर्ग की डबल्स प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल तथा अंडर-19 सिंगल प्रतियोगिता में भी गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
हर्षदीप की इस उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ उनके लिए राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है। उनका अंडर-19 वर्ग में जम्मू-कश्मीर में आयोजित होने वाली आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। इसके अतिरिक्त, पुरुष वर्ग की दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी उनका चयन किया गया है। इस अवसर पर वशिष्ट पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य दीपक कौशल ने हर्षदीप सिंह को बधाई देते हुए कहा, “हर्षदीप की यह उपलब्धि उसके अनुशासन, कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। विद्यालय को उसकी सफलता पर गर्व है।
हमें विश्वास है कि वह राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करेगा।” विद्यालय के प्रबंध निदेशक अनुज वशिष्ट ने भी हर्षदीप को शुभकामनाएँ देते हुए कहा, “खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व की भावना विकसित करते हैं। हर्षदीप की यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। विद्यालय उसके आगामी राष्ट्रीय मुकाबलों के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।”

