बॉलीवुड एक्टर गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा पिछले कुछ समय से अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। सुनीता कई बार गोविंदा और उनकी फिल्मों को लेकर ऐसी बातें कह चुकी हैं, जिनके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो जाती हैं। अब एक बार फिर सुनीता के बयान पर गोविंदा ने खुलकर अपनी बात रखी है।
फिल्म की एक्ट्रेस को लेकर सुनीता ने कसा तंज
दरअसल, गोविंदा को हाल ही में अपनी आने वाली फिल्म की एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार के साथ दो बार देखा गया था। दोनों की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद इस मामले ने काफी चर्चा बटोरी।
इसके बाद सुनीता आहूजा ने गोविंदा और उनकी फिल्म की लीड एक्ट्रेस को लेकर कुछ ऐसी टिप्पणियां कीं, जिन्हें गोविंदा पर तंज के तौर पर देखा गया। सुनीता ने कहा था कि हर चीज की एक उम्र और एक स्टैंडर्ड होना चाहिए। उन्होंने गोविंदा के साथ कम उम्र की एक्ट्रेस के नजर आने पर भी सवाल उठाया था।
सुनीता के बयान पर गोविंदा का जवाब
अब गोविंदा ने इन बातों पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि देश के बड़े-बड़े कलाकारों ने अपने करियर में युवा अभिनेत्रियों के साथ काम किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि सुनीता लगातार ऐसी बातें कर रही हैं, जिससे उनकी इमेज लोगों की नजरों में खराब हो सकती है।
गोविंदा ने कहा कि उन्हें जिंदगी में शोहरत, इज्जत और दौलत सब कुछ भगवान की कृपा से मिला है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि जिन लोगों के पास ये चीजें नहीं हैं, उन्हें नीचा दिखाया जाए। एक्टर ने आगे कहा कि हर किसी को अपनी एक सीमा में रहकर बात करनी चाहिए और दूसरों को अपमानित करने से बचना चाहिए।
सुनीता के गाली देने वाले बयान पर भी बोले गोविंदा
सुनीता आहूजा के एक बयान में कथित तौर पर गाली-गलौज वाले शब्दों के इस्तेमाल को लेकर भी गोविंदा ने नाराजगी जाहिर की। गोविंदा ने कहा कि सुनीता को इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मां और बहन से जुड़े रिश्तों के नामों को गाली के तौर पर इस्तेमाल करना सही नहीं है।
एक्टर ने कहा कि अगर युवा लोग सुनीता की बातों से प्रभावित होते हैं और उसी तरह की भाषा का इस्तेमाल करना शुरू कर देते हैं, तो यह अच्छी बात नहीं होगी। उन्होंने कहा कि ऐसी भाषा से इन रिश्तों की गरिमा कम होती है और परिवार के लिए भी यह शर्मिंदगी वाली बात हो सकती है।
आखिर सुनीता आहूजा ने क्या कहा था?
सुनीता आहूजा ने गोविंदा की आने वाली फिल्म और उसमें नजर आने वाली अभिनेत्री को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि हर चीज का एक स्टैंडर्ड होना चाहिए।
उन्होंने गोविंदा के कम उम्र की एक्ट्रेस के साथ नजर आने पर तंज कसते हुए कहा था कि अपनी उम्र की बेटी को लेकर घूमने जैसा लग रहा है और इस पर शर्म आनी चाहिए। वहीं, फिल्म की एक्ट्रेस को लेकर सुनीता ने उनके कपड़ों पर भी टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि अभिनेत्री को ठीक से और ढंग के कपड़े पहनने चाहिए।
दोनों के रिश्ते को लेकर फिर उठे सवाल
सुनीता आहूजा के लगातार सामने आ रहे बयानों और अब गोविंदा के जवाब के बाद एक बार फिर दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, दोनों के बीच वास्तव में क्या चल रहा है, इस पर किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

