नई दिल्ली: अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण देश भर में ईंधन की कीमतों में वृद्धि की आशंकाओं के मद्देनजर भारत सरकार ने पेट्रोल और डीजल दोनों पर अतिरिक्त उत्पाद शुल्क में भारी कटौती की है। वीरवार को जारी एक सरकारी आदेश के अनुसार पेट्रोल पर अतिरिक्त उत्पाद शुल्क पहले के 13 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 3 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। वहीं डीजल पर उत्पाद शुल्क पहले के 10 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 0 रुपये कर दिया गया है।
देर रात जारी नोटिफिकेशन में वित्त मंत्रालय ने कहा कि ये फैसला, तुरंत लागू होगा। पश्चिम एशिया में संघर्ष के बीच देश में ईंधन को लेकर मारा-मारी देखने को मिल रही है। देश के कुछ हिस्सों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। कई पेट्रोल पंपों पर नो स्टॉक का बोर्ड देखा गया। हालांकि, सरकार का कहना है कि भारत में कच्चे तेल का प्रर्याप्त भंडार है। देश भर में किसी भी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने ग्राहकों को भरोसा दिलाया है कि उसके पेट्रोल पंप पूरी तरह से भरे हुए हैं और सुचारू रूप से काम कर रहे हैं। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने भी ग्राहकों को भरोसा दिलाया कि देश में पेट्रोल, डीजल या LPG की कोई कमी नहीं है। अफवाहों से आगाह करते हुए सरकार ने लोगों से अपील की है कि घबारएं नहीं, जमाखोरी के मामलों की रिपोर्ट करें और सिर्फ आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
