झुंझुनूंः शहर में गैंगवार का मामला सामने आया है जिसमें 2 गैंगस्टरों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार जिस रविंद्र कटेवा पर शुक्रवार को हमला हुआ था, वो इनामी गैंगस्टर है। उसे पहले भी पुलिस ने पकड़ा था और वो जमानत पर बाहर था। दोनों गैंग पहले भी एक-दूसरे पर हमला कर चुके हैं। 12 दिसंबर को भी नवलगढ़ थाना इलाके के खिरोड़ गांव में भी रविंद्र कटेवा को मारने के लिए हमला हुआ था। हालांकि, इसमें उसके साथी सुनील सुंडा (30) की मौत हो गई। वहीं, फायरिंग करने वाले हिस्ट्रीशीटर कृष्णकांत उर्फ रविकांत की बॉडी भी घटनास्थल से कुछ दूर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी मुताबिक, 12 दिसंबर सुबह 9 से 9:30 के बीच आरके ग्रुप 0056 का मुख्य सरगना हिस्ट्रीशीटर रविंद्र कटेवा अपने घर (नवलगढ़ थाना इलाके के खिरोड़ गांव) में था। यहां पर उसके साथ सुनील सुंडा भी मौजूद था। इसी दौरान कृष्णकांत और अन्य तीन बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। सुनील उनके पीछे भागा और फिर उनकी गाड़ी का स्टेयरिंग पकड़ लिया। इसी दौरान कृष्णकांत और उसके साथी ने सुनील पर फायरिंग कर दी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना के बाद सुनील को सीकर लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

कृष्णकांत और उसके साथी मुख्य सड़क की बजाय गांव के कच्चे रास्तों से फरार होने लगे, लेकिन उन्हें थोड़ी दूर चलने के बाद रास्ता नहीं मिला। कटेवा और उसके साथियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर कृष्णकांत, पिंटू और राजेंद्र को पकड़ लिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट भी की गई। पुलिस को इसके बाद कृष्णकांत की लाश मिली, उसके सिर में भी गोली लगी हुई थी। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस बारे में स्पष्ट नहीं किया है कि उस पर फायरिंग हुई या उसने खुद ने ही सुसाइड किया है। वहीं लोगों की पिटाई के चलते पिंटू और राजेंद्र भी घायल हो गए, जिन्हें भी इलाज के लिए पहले सीकर लाया गया। फिर यहां से उन्हें जयपुर भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह गैंगवार करोड़ों रुपए के जमीनी विवाद से शुरू हुई थी। दरअसल, 25 नवंबर को रविंद्र कटेवा और उसके साथियों ने सीकर के दादिया थाना इलाके में सुरेश कुमार नाम के युवक पर जानलेवा हमला किया था। घटना में गंभीर रूप से घायल हुए सुरेश ने अपने साथी श्रवण को बताया कि हमला करने वाले रविंद्र कटेवा और उसकी गैंग के कई लोग हैं, जिन्होंने सुरेश को धमकी दी कि उसने श्रवण फगेड़िया की कब्जाशुदा जमीन का सौदा शारदा पत्नी श्री चंद से कर लिया है। शारदा के बेटे जितेंद्र और राजेश ने श्रवण को मारने के लिए सुपारी दे रखी है। इस घटना के बाद सीकर पुलिस ने रविंद्र कटेवा पर 25 हजार और उसके साथियों पर 10-10 हजार का इनाम भी घोषित किया। हालांकि, बाद में सभी आरोपी गिरफ्तार हुए।