नई दिल्लीः भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने कोलकाता नाइट राइडर्स से बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से हटाने के लिए कहा है। बोर्ड सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू व्यक्ति की दुखद हत्या के बाद यह बहस भारतीय क्रिकेट जगत में चर्चा का मुख्य विषय बन गई थी।
घटना ने सीमा पार भावनाओं में तनाव पैदा कर दिया था। लेकिन अब यह बात सामने आई है कि बीसीसीआई ने केकेआर को बता दिया है कि वो मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर कर दें। यानी अब मुस्तफिजुर रहमान आईपीएल 2026 का हिस्सा नहीं होंगे।
BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने कहा कि हाल ही में जो कुछ भी हो रहा है, उसे देखते बीसीसीआई ने केकेआर फ्रेंचाइजी को मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है। बीसीसीआई ने यह भी कहा कि अगर वे किसी रिप्लेसमेंट की मांग करते हैं, तो BCCI उस रिप्लेसमेंट की इजाज़त देगा।
मुस्तफिजुर रहमान बांग्लादेश के बेहतरीन तेज गेंदबाज में से एक हैं और दुनियाभर की लीग में खेलते हैं। मुस्तफिजुर रहमान आईपीएल में 2016 से खेल रहे हैं। अब तक बांग्लादेश का यह खिलाड़ी सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स और सीएसके के लिए खेल चुके हैं। बता दें कि हाल ही में हुई IPL 2026 के ऑक्शन में KKR ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत पर खरीदा था।