नई दिल्लीः हैदराबाद के एक बड़े मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में चोरी की घटना सामने आई है। जहां फर्जी महिला डॉक्टर द्वारा सरेआम घटना को अंजाम दिया गया। हैरानी की बात यह है कि दिन दहाड़े स्टाफ की मौजूदगी में फर्जी डॉक्टर द्वारा अस्पताल में गहने चुराए गए। इस बात का खुलासा सीसीटीवी कैमरे की जांच करने के बाद हुआ है। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि एक महिला सफेद डॉक्टर का कोट पहनकर अस्पताल में आती है। जहां वह बड़े आराम से अस्पताल में एक मरीज के सोने के गहने चोरी करके फरार हो जाती है। बताया जा रहा है कि महिला चोर द्वारा डॉक्टर कोट पहनने के कारण किसी को उस पर शक नहीं हुआ। जिसके कारण वह बड़े आराम से अस्पताल के अंदर घूमती रही।
View this post on Instagram
घटना के दौरान अस्पताल के गेट पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उसे डॉक्टर समझकर बिना जांच के अंदर जाने दिया। वहीं अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में वह आराम से घूमती नजर आई। इस दौरान स्टाफ की ओर से किसी ने उसे रोककर पूछताछ नहीं की। जांच में सामने आया है कि महिला सबसे पहले नर्सिंग रूम में गई। वहां से उसने कुछ इंजेक्शन और मेडिकल सामान उठा लिया, ताकि उसका भेष और असली लगे। इसके बाद वह एक मरीज के कमरे में पहुंची और वहां से मरीज के सोने के गहने चोरी कर लिए। घटना के दौरान अस्पताल के स्टाफ को भी उस पर कोई शक नहीं हुआ।
चोरी करने के बाद महिला चुपचाप अस्पताल से बाहर निकल गई। बाद में जब मामले की जानकारी मिली तो अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि ‘महिला डॉक्टर का कोट पहनकर अस्पताल में दाखिल हुई थी और बिना किसी जांच के अंदर घूमती रही। पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपी की पहचान करके गिरफ्तार कर लिया जाएगा।