अमरीकाः अमेरिका का एक F-16 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। क्रैश होते ही फाइटर जेट आग में बदल गया। अमेरिकी एयरफोर्स ने एक बयान में बताया कि हादसा ट्रेनिंग मिशन के दौरान कैलिफोर्निया में ट्रोना एयरपोर्ट के पास हुआ, जहां एलीट थंडरबर्ड्स स्क्वाड्रन का F-16 फाइटर जेट क्रैश हो गया। हादसे से कुछ सेकेंड पहले पायलट सुरक्षित बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई।
हादसा लोकल टाइम के मुताबिक सुबह करीब 10:45 बजे हुआ। विमान ट्रॉना एयरपोर्ट से करीब तीन किलोमीटर दूर गिरा। एयरपोर्ट मैनेजर ने बताया कि इलाके में अक्सर मिलिट्री विमान उड़ते रहते हैं। सोशल मीडिया पर आए वीडियो में देखा गया कि विमान तेजी से नीचे गिर रहा था और पायलट पैराशूट के सहारे बाहर निकल आया। जमीन से टकराते ही विमान में बड़ा धमाका हुआ और काला धुआं आसमान में भर गया।
एयरफोर्स के 2021 के डेटा के मुताबिक एक F-16 फाइटिंग फाल्कन की कीमत लगभग 18.8 मिलियन डॉलर (करीब 1.70 हजार करोड़ रुपए) है। यह एयरक्राफ्ट थंडरबर्ड्स स्क्वाड्रन का था। यह टीम लास वेगास के पास नेलिस एयरफोर्स बेस से काम करती है और अपने एयर शो और खतरनाक स्टंट्स के लिए दुनियाभर में जानी जाती है।