ऊना,सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना ने “एंटी चिट्टा अभियान” के तहत सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (GSSS) ओयल में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (LR) सुरेंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य उपस्थित लोगों को चिट्टा (हेरोइन) सहित विभिन्न मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत मादक पदार्थों से जुड़े कानूनी प्रावधानों, नशे के सामाजिक और व्यक्तिगत दुष्प्रभावों तथा इससे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। इसके अलावा सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य प्रतिभागियों को “एंटी चिट्टा शपथ” दिलाकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प कराया गया।
जिला पुलिस ऊना ने बताया कि “एंटी चिट्टा अभियान” के तहत भविष्य में भी जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य संस्थानों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को नशे से दूर रखकर एक सुरक्षित, स्वस्थ और नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।
