नई दिल्ली: मोती नगर इलाके में शनिवार तड़के एक दो मंजिला मकान के भूतल में आग लग गई। आग बुझाने के दौरान घर में रखे घरेलू गैस सिलिंडर में जोरदार ब्लास्ट हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
दिल्ली फायर विभाग के मुताबिक, मकान में आग लगने की सूचना तड़के करीब 3:25 से 3:27 बजे के बीच मिली। सूचना मिलते ही दमकल की टीमों को घटनास्थल की ओर रवाना किया गया। आग की स्थिति को देखते हुए मौके पर एक वाटर टेंडर, एक ब्रीथिंग फायर टेंडर और एक वाटर बाउजर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। शुरुआती जांच में पता चला कि आग मकान के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी। इसी दौरान घर में रखा LPG सिलेंडर आग की चपेट में आ गया, जिसके बाद उसमें तेज धमाका हो गया।
अधिकारियों के अनुसार, सिलेंडर में विस्फोट के बाद दमकल कर्मियों को घटनास्थल पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। करीब 4:30 बजे दमकल विभाग ने एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। दमकल की टीमों ने काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया। इसके बाद मकान के अंदर और आसपास के हिस्सों की भी जांच की गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति अंदर फंसा तो नहीं है।
साथ ही दमकल कर्मियों ने उन स्थानों की भी जांच की, जहां से दोबारा आग भड़कने की आशंका हो सकती थी। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं। हादसे में LPG सिलेंडर किस स्थिति में आग की चपेट में आया और विस्फोट की वजह क्या रही, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि ग्राउंड फ्लोर पर आग किन परिस्थितियों में लगी और इसके बाद LPG सिलेंडर किस वजह से ब्लास्ट हुआ।