गुरुग्रामः हरियाणा के गुरुग्राम में एक कांस्टेबल द्वारा वरिष्ठ महिला पुलिसकर्मी की पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने पर एसीपी रैंक का एक अधिकारी थाने पहुंचा और दोनों महिला पुलिसकर्मियों से पूछताछ की। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि बलात्कार के मामले की शिकायतकर्ता से बात करते समय किसी भी तरह की टोकाटाकी से मना करने पर कांस्टेबल ने कथित तौर पर एक वरिष्ठ महिला पुलिसकर्मी की पिटाई कर दी। मामला देर रात का है। सेक्टर 37 थाने में सहायक उप-निरीक्षक (ASI) पूनम और कांस्टेबल प्रवेश के बीच विवाद हो गया। जिसके बाद थाने में हड़कंप मच गया।
दोनों महिला पुलिसकर्मियों से हुई पूछताछ
पुलिस के मुताबिक, एएसआई ने कांस्टेबल से बलात्कार के मामले की शिकायतकर्ता से बात करने के दौरान दखल न देने को कहा। उन्होंने बताया कि बात बढ़ गई और उनके बीच मारपीट होने लगी। कांस्टेबल ने एएसआई को जान से मारने की धमकी भी दी लेकिन मौके पर मौजूद अन्य पुलिस अधिकारियों ने बीच-बचाव कर उन्हें अलग कर दिया। घटना के बारे में जब वरिष्ठ अधिकारियों को पता चला तो एसीपी रैंक का एक अधिकारी थाने पहुंचा और उनसे पूछताछ की। दोनों महिला पुलिसकर्मियों से पूछताछ के बाद अधिकारी द्वारा मामले पर सख्त कार्रवाई की बात कहीं गई।
SHO पुलिस लाइन में स्थानांतरित
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सेक्टर 37 की थाना प्रभारी निरीक्षक (SHO) सुनीता को पुलिस लाइन में स्थानांतरित कर दिया गया है और निरीक्षक अमन बेनीवाल को एसएचओ नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि एएसआई पूनम ने प्रवेश के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत सेक्टर 10-ए पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आगे की जांच चल रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
