ऊना,सुशील पंडित: पुलिस थाना बंगाणा के तहत यातायात जांच के दौरान नशे के सेवन के संदेह में पकड़े गए दो व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस ने NDPS एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों का मेडिकल करवाकर खून आदि के नमूने जांच के लिए आरएफएसएल भेजे गए थे, जहां से नशे के सेवन की पुष्टि हुई।
पुलिस के अनुसार 15 मई 2026 को शाम करीब 6:45 बजे बंगाणा बाजार में थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम यातायात जांच कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने स्कूटी पर सवार दो व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया। दोनों व्यक्तियों के नशे में होने का संदेह होने पर उनकी सहमति से मेडिकल करवाया गया तथा खून के नमूने सुरक्षित कर परीक्षण के लिए RFSL भेजे गए।
RFSL से प्राप्त रिपोर्ट में दोनों व्यक्तियों द्वारा नशे का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई। आरोपियों की पहचान सुखवीर सिंह निवासी कोठे कृष्णानगर, पंजाब और गगनदीप निवासी हरियाणा, जिला होशियारपुर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट की प्रासंगिक धाराओं में अभियोग दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।