ऊना,सुशील पंडित: नशे के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत जिला पुलिस ऊना द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत नशा तस्करों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है। इसी अभियान के तहत पुलिस थाना गगरेट की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक कार से 3.27 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 अगस्त 2026 की शाम पुलिस थाना गगरेट के अंतर्गत पुलिस टीम ने अंबवोटा से आशादेवी रोड डवाली (चतेहड़) मार्ग पर कार्रवाई की। इस दौरान नरेंद्र सिंह पुत्र प्रीतम चंद निवासी गांव एवं डाकघर आदर्श नगर, तहसील अंब, जिला ऊना की ऑल्टो कार को जांच के लिए रोका गया।
तलाशी के दौरान कार से 3.27 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जिला पुलिस ऊना ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा नशा तस्करी से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और उन्हें नशे की दलदल से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मादक पदार्थों या प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री और तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। जिला पुलिस ऊना ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।