चंडीगढ़: हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोकनिर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने के पीछे मुख्य उद्देश्य उनके विचारों को आत्मसात कर दिखाए गए रास्ते पर चलकर आगे बढ़ना है। युवा पीढ़ी को उनके विचारों से प्रेरणा मिलती है। महापुरुषों की जयंती के कार्यक्रमों से नई पीढ़ी को भी उनके जीवन के बारे में पता चलता है। वह संस्कृति-संस्कारों के साथ-साथ उनके विचारों से जुड़ती है।
कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा बुधवार को कुरुक्षेत्र स्थित गुरु दक्ष प्रजापति धर्मशाला में प्रजापति समाज की तरफ से आयोजित गुरु दक्ष प्रजापति जयंती समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। इससे पहले कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने ढांड रोड पर प्रजापति सभा द्वारा बनाए जाने वाले शिक्षण संस्थान का शिलान्यास किया और प्रजापति सभा कुरुक्षेत्र को 21 लाख रुपए देने की घोषणा की। कुरुक्षेत्र प्रजापति धर्मशाला में महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती समारोह धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि मेहनत करने के जज्बे को कम ना होने दें। जीवन में तभी आगे बढ़ा जा सकता है जब मेहनत के संस्कार होंगे। संस्कृति से जुडक़र परिश्रम करना है। तभी समाज खुशहाल बन सकता है। उन्होंने समाज में बेटियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की अपील की। शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा माध्यम है। शिक्षण संस्थान बनने से क्षेत्र के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से समाज सेवा के कार्य और मजबूत होंगे। उन्होंने प्रजापति समाज से आह्वान किया कि वे शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक एकता के क्षेत्र में आगे आएं।
गुरु दक्ष प्रजापति ने समाज को कर्म, धर्म और सामाजिक समरसता का संदेश दिया
कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि जब तक हम अपनी संस्कृति से जुडक़र परिश्रम नहीं करेंगे, तब तक हम एक खुशहाल और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण नहीं कर सकते। गुरु दक्ष प्रजापति जी ने भी अपने जीवन में कर्म और धर्म को सर्वोपरि रखा। हमें उनके आदर्शों को अपनाना होगा। गंगवा ने कहा कि गुरु दक्ष प्रजापति ने समाज को कर्म, धर्म और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
उनके जीवन से हमें यह सीख मिलती है कि समाज के विकास के लिए शिक्षा और संस्कार दोनों जरूरी हैं। प्रजापति समाज ने हमेशा देश और प्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कुम्हार कला से जुड़े इस समाज ने अपनी मेहनत से न केवल आजीविका कमाई बल्कि संस्कृति को भी जीवित रखा। सरकार महापुरुषों की जयंती को सरकारी स्तर पर मना कर उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रही है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपने इतिहास और संस्कृति पर गर्व होता है।
गुरु दक्ष प्रजापति सभा धर्मशाला के प्रधान पवन कुमार चौलिया ने कार्यक्रम में आए हुए अतिथियों का स्वागत किया और सभा की तरफ से मांगों को कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा के सामने रखा। इस मौके पर चेयरमैन गुरनाम सैनी, भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष साहिल सुधा, राजेश करड़वाल, दीपक कुमार उमरी सहित गणमान्य मौजूद थे।

