क्योंझरः ओडिशा के क्योंझर जिले में भूस्खलन होने से हादसा हो गया। दरअसल, भूस्खलन में मिट्टी में दबने 3 लोगों की मौत हुई है। वहीं मिट्टी में दबे इन लोगों के शव बरामद किए गए हैं। क्योंझर जिले के बिचाकुंडी इलाके के पास दलापहाड़ा में मूसलाधार बारिश की वजह से यह घटना हुई। जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान बिचाकुंडी क्षेत्र के संदीप मुर्ती, गुरु चंपिया और कांदे मुंडा के रूप में हुई है। ये सभी स्थानीय निवासी थे और घटना के वक्त उसी इलाके में काम कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि यह हादसा उस समय हुआ, जब बैतरणी रिजर्व फॉरेस्ट इलाके में मैंगनीज खनन का काम चल रहा था। उसी दौरान तेज बारिश के कारण अचानक मिट्टी और पत्थरों का बड़ा हिस्सा ढह गया और लोग उसके नीचे दब गए। बताया जा रहा है कि खान का एंबैंकमेंट अचानक टूट गया था और 3 लोग मौके पर ही मिट्टी और भारी पत्थरों के नीचे दबकर मौत के शिकार हो गए थे।
इस घटना के बाद तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बचाव कार्य में करीब 6 घंटे तक लगातार प्रयास किया गया, जिसके बाद तीनों शवों को मलबे से बाहर निकाला जा सका। रेस्क्यू टीमों को खराब मौसम और भारी मलबे के कारण काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हादसे की सूचना मिलते ही जोड़ा थाना पुलिस और वन विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया है और हादसे की वजहों को लेकर छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस और वन विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।