शहडोलः सड़क हादसे में भाजपा युवा मोर्चा के करकी मंडल अध्यक्ष राहुल द्विवेदी और उनके साथी अतुल तिवारी की मौत हो गई। दोनों युवक शनिवार रात एक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी मुताबिक, टिहकी गांव के रहने वाले राहुल और अतुल शनिवार रात झिरिया गांव में एक शादी में शामिल होने गए थे। देर रात जब वे अपनी बाइक से घर वापस आ रहे थे, तभी शहडोल-रीवा हाईवे पर जोरा पुलिया के पास किसी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया।
रविवार की सुबह जब राहगीरों ने सड़क किनारे टूटी हुई बाइक और दो युवकों के शव देखे, तो पुलिस को खबर की, सूचना मिलते ही ब्यौहारी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। राहुल द्विवेदी क्षेत्र के एक सक्रिय युवा नेता थे, जिनके निधन की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में गमगीन माहौल रहा और नेताओं ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया।
