जमुईः जिले में एक भयानक सड़क हादसा होने का मामला सामने आया है। जहां, बीती देर रात बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना चकाई-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर नावाडीह के पास की है। मृतक की पहचान कुमर सिंह (65) के रूप में हुई है।
जानकारी मुताबिक, कुमर सिंह नावाडीह स्थित दुकान से सामान खरीदने जा रहा था। इस दौरान चकाई-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वो सड़क पर गिर गए और बाइक भी अनियंत्रित होकर गिर गई जिससे बाइक चालक भी घायल हो गया। घायल बाइक चालक की पहचान विशनपुर निवासी पच्चू साह के रूप में हुई है। दोनों घायलों को तुरंत चकाई रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद कुमर सिंह को मृत घोषित कर दिया। पच्चू साह का अस्पताल में इलाज जारी है। चकाई थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।