झांसीः माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद को झांसी जिला जेल से बेहद कड़ी सुरक्षा में प्रयागराज के लिए रवाना कर दिया गया है। सड़क हादसे में मारे अपने छोटे भाई अबान अहमद के जनाजे (सुपुर्द-ए-खाक) में शामिल होने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अली अहमद को अस्थायी पैरोल मंजूर की है। शनिवार सुबह 9.25 बजे पुलिस के वाहन से रवाना किया गया।
आपको बता दें वीरवार को झांसी जेल में बंद भाई से मिलने जाते समय कानपुर-झांसी मार्ग पर सड़क हादसे में अबान की मौत हुई थी। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार सुबह दोनों के शव प्रयागराज लाए गए। अबान का जनाजा बड़े भाई उमर और अली के आने के इंतजार में रोक दिया गया था।
पुलिस अली अहमद को प्रयागराज ले जाने के लिए रवाना हो गई है। कड़ी सुरक्षा में अली को प्रयागराज ले जाया जा रहा है। पुलिस जिस गाड़ी से अली को लेकर रवाना हुई, वह चारों तरफ से पूरी तरह ढकी हुई थी। सुरक्षा को इस स्तर पर गोपनीय रखा गया कि गाड़ी के भीतर बैठे अली अहमद का चेहरा तक किसी को नजर नहीं आया।
बुआ परवीन कुरैशी की याचिका पर शुक्रवार को न्यायमूर्ति अजय भनोट और न्यायमूर्ति दिवेश चंद सामंत की खंडपीठ ने सुनवाई कर आठ अगस्त रात आठ बजे तक के लिए पैरोल मंजूर कर ली। अदालत ने कुछ शर्तें भी लगाई हैं। इनमें एक यह भी है कि दोनों भाई मीडिया से बात नहीं करेंगे।