जमशेदपुरः आईपीएल फाइनल मैच देखने के बाद एक युवक द्वारा घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार की देर रात मानगो थाना क्षेत्र के आनंद विहार सोसायटी की बताई जा रही है। युवक की पत्नी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, इसी के बाद उसने फांसी के फंदे से लटक सुसाइड कर लिया।
जानकारी मुताबिक, अभिषेक कुमार सिंह पिरामल फाइनेंस कंपनी में काम करता था और 6 महीने पहले ही उसने प्रेम विवाह किया था। मृतक के भाई अमित ने बताया कि शादी के बाद से अभिषेक परिवार के साथ आनंद विहार सोसाइटी स्थित फ्लैट में साथ रह रहा था। मंगलवार की रात अभिषेक अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आईपीएल मैच देख रहा था। मैच खत्म होने के बाद, किसी बात को लेकर उसकी पत्नी सत्या से कहासुनी हो गई। यह नोंकझोंक इतनी बढ़ गई कि अभिषेक नाराज होकर घर के एक अन्य कमरे में चला गया।
परिजनों का कहना है कि अभिषेक जब काफी देर तक बाहर नहीं निकले, तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर घरवालों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर अभिषेक पंखे से फंदा बना लटका हुआ था। परिजनों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। हालांकि अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पूछताछ जारी है।