पालीः शहर से एक दर्दनाक मामला सामने आया है जहां, खेत में काम करने के दौरान एक 17 साल की नाबालिग की चुन्नी थ्रेसर मशीन में फंसने से मौत हो गई। इस पर वह चिल्लाने लगी। बहन को तड़पता देख भाई उसे बचाने दौड़ा, लेकिन वह उसे बचा न सका और युवती की दम घुटने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी देते थाने के एएसआई मंगल सिंह ने बताया कि रिंकू खेत में थ्रेसर मशीन में मूंग की फसल साफ कर रही थी। इस दौरान फसल थ्रेसर मशीन में डालते समय उसका दुपट्टा अंदर चला गया। ऐसे में उसके गले में फंदा लग गया। इधर, रिंकू के चिल्लाने की आवाज सुन उसका बड़ा भाई विक्रम उसे बचाने दौड़ा। फंदा लगने के बाद वह तड़प रही थी। जैसे-तैसे गले से उसका फंदा निकाला और उसे भाद्राजून हॉस्पिटल ले जाया गया।
यहां से उसकी हालात को देखते हुए पाली रेफर किया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। एएसआई ने बताया कि मृतका के भाई विक्रम की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। मृतक रिंकू 4 भाई बहनों में तीसरे नंबर पर थी। इधर, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।