लखीसराय। मेदनी चौकी थाना क्षेत्र के देवघरा गांव में रविवार को एक बेहद शर्मनाक और दर्दनाक घटना सामने आई। महाशिवरात्रि के अवसर पर पूजा के लिए फूल तोड़ने गई 7 साल की मासूम बच्ची के साथ गांव के ही एक व्यक्ति ने दुष्कर्म किया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है।
फूल देने का झांसा देकर घर ले गया आरोपी
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 9 बजे बच्ची पूजा के लिए फूल तोड़ने गई थी। तभी गांव के रतिकांत मिश्रा उर्फ बच्चन बाबा के बेटे गोपाल मिश्रा (35) ने बच्ची को फूल देने का बहाना बनाकर अपने घर बुलाया। आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर घर के अंदर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
किसी तरह भागकर घर पहुंची बच्ची
घटना के बाद बच्ची किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर अपने घर पहुंची। वह नग्न अवस्था में और खून से लथपथ थी। बच्ची की हालत देखकर उसकी मां घबरा गई और जब उसने बच्ची से पूछा तो बच्ची ने पूरी घटना बताई और आरोपी का नाम बताया।
मां ने ग्रामीणों और पुलिस को दी जानकारी
बच्ची की मां ने तुरंत आसपास के लोगों को घटना के बारे में बताया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को उसके घर से पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
सूचना मिलते ही मेदनी चौकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने घटनास्थल से बच्ची के खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं और एफएसएल टीम जांच में जुटी हुई है।
बच्ची का अस्पताल में इलाज जारी
पीड़ित बच्ची को इलाज के लिए लखीसराय के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और उसका इलाज जारी है।
पिता बाहर मजदूरी करते हैं
बच्ची की मां ने बताया कि उसके पति मजदूरी करने के लिए बेंगलुरु गए हुए हैं। वह गांव में अपने तीन बच्चों के साथ रहती है। घटना के समय बच्ची अकेले फूल लेने गई थी।
पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने पर लखीसराय के एसडीपीओ शिवम कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। थाना अध्यक्ष चितरंजन कुमार को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं