कोटाः युवक की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। दरअसल, युवक 2 गुटों में हुए झगड़े के दौरान बीच-बचाव करने गया था, तभी एक आरोपी ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी जो युवक के सिर में लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। गंभीर घायल युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतक के पिता ने मंडाना थाने में 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ गांव के बलराम चारण और देवकरण चारण के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही थी। गांव के मंदिर में मंगलवार रात एक धार्मिक कार्यक्रम था। बताया जा रहा है कि बलराम अपने साथियों के साथ घात लगाए बैठा था। रात करीब 9 बजे जैसे ही देवकरण, अमरलाल, शंकर मंदिर के रास्ते में पहुंचे, बलराम और उसके साथियों ने अचानक हमला कर दिया।
दोनों को झगड़ा करता देख बलराम का रिश्तेदार शंकर चारण (30) ने उन्हें समझाने और शांत कराने की कोशिश की। इस बीच बलराम ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली शंकर को लग गई और वह गंभीर घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। ग्रामीणों ने उसे तुरंत कोटा के मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शंकर के पिता आईदान चारण ने मंडाना थाने में 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करवाई है।
ASI सीताराम ने बताया कि घटना के बाद मंडाना थाना पुलिस ने देर रात तक अलग-अलग जगहों पर दबिश दी। बुधवार सुबह पुलिस ने दो से तीन संदिग्ध बदमाशों को डिटेन कर लिया। मेडिकल कॉलेज में परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम करवाया गया। मामले की आगामी जांच जारी है।