शिमला: युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविन्द्र गोमा के नेतृत्व में प्रदेश के छः सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने आइची-नागोया 2026 एशियाई खेलों के संदर्भ में जापान की अध्ययन एवं अनुभव यात्रा के दौरान टोक्यो स्थित जापान ओलंपिक संग्रहालय का दौरा किया।
प्रतिनिधिमंडल में उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक कमलेश ठाकुर व विवेक शर्मा, सचिव प्रियंका बासू इंग्टी और युवा, सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक शिवम प्रताप सिंह शामिल रहे। यह दौरा 20वें एशियाई खेल आइची-नागोया 2026 से संबंधित हिमाचल प्रदेश के व्यापक अध्ययन एवं अनुभव कार्यक्रम का हिस्सा है। आइची-नागोया में आयोजित हो रहे 20वें एशियाई खेल 19 सितंबर से 4 अक्तूबर, 2026 तक आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें एशिया के विभिन्न देशों के खिलाड़ी एवं प्रतिनिधिमंडल भाग ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आइची-नागोया 2026 एशियाई खेलों में खिलाड़ी-केंद्रित दृष्टिकोण, मौजूदा खेल सुविधाओं के प्रभावी उपयोग, प्रौद्योगिकी, आतिथ्य सेवाओं तथा खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। यात्रा के दौरान प्राप्त अनुभव हिमाचल प्रदेश में खेलों के विकास, युवाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाने तथा राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में उपयोगी सिद्ध होंगे।