जशपुरः जिले में एक दर्दनाक मामला सामने आया है जहां, एक रेप पीड़ित नाबालिग युवती जो मेडिकल करवाने आई थी उसने शेल्टर होम में खुदकुशी कर ली। लड़की ने वॉशरूम में फांसी लगाई है। नाबालिग युवक ने ही उसके साथ रेप किया था। 3 दिन पहले वह जशपुर पहुंची और कोतवाली थाने में रेप की शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने जीरो में मामला दर्ज किया। इसके बाद उसे शेल्टर होम में काउंसलिंग के लिए रखा गया था, लेकिन मंगलवार सुबह 9 बजे उसने आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और आगे की जांच शुरू की।
जानकारी के मुताबिक 14 साल की नाबालिग लड़की जिले के आस्ता थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। नाबालिग ने पुलिस को बताया था कि गांव के ही एक 15 वर्षीय लड़के ने उसके साथ रेप किया है। उसकी मां का निधन हो चुका है और उसके पिता का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है।
पुलिस के अनुसार नाबालिग की मेडिकल जांच की जानी थी। नाबालिग आस्ता थाना क्षेत्र से जशपुर शहर में अकेले पहुंची थी लेकिन किन परिस्थितियों में उसे आत्महत्या जैसा कदम उठाना पड़ा, उसकी अभी जांच की जा रही है। रेप के आरोपी नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पूछताछ के बाद उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।