चंडीगढ़: पानीपत के गांव डाडोला में संविधान निर्माता एवं भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की स्मृति को समर्पित भव्य अंबेडकर भवन का निर्माण 53 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। भवन के निर्माण के लिए 21 लाख रूपए निजी कोष से, 21 लाख रूपए जिला परिषद तथा 11 लाख रूपए ब्लॉक समिति से प्रस्तावित किए गए हैं। इससे गांव में सामाजिक, शैक्षणिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को गांव डाडोला में डेरा सचखंड बल्लां, जालंधर के गद्दीनशीन पूज्य संत पद्मश्री निरंजन दास महाराज के सानिध्य में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज तथा संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की भव्य प्रतिमाओं का अनावरण किया गया था।
कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि डाडोला में बनने वाला अंबेडकर भवन बाबा साहेब के सामाजिक समरसता, समानता और शिक्षा के संदेश को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा। मंत्री ने बताया कि सरकार का प्रयास है कि गांवों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ सामुदायिक विकास को भी गति दी जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि संत रविदास जी ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया, जबकि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। दोनों महापुरुषों के विचार आज भी समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। संत रविदास जी की कलश यात्रा इसी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में आपसी भाईचारा एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।