जालंधर, ENS: श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार कमेटी पंजाब के सेवादार सुरिंदर सिंह ने नशे को लेकर थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए है। दरअसल, आज प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि उनकी कमेटी द्वारा नशेड़ियों को काबू करके पुलिस के हवाले किया जाता है। ऐसे में 20 सिंतबर को उन्होंने गांव नडाली, थाना बेगोवाल के व्यक्ति को काबू किया था। उसके कब्जे से 12 ग्राम हेरोइन और एक कंडा बरामद किया था। जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
सेवादार सुरिंदर सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि केस को लेकर बाद में उन्हें पता चला कि एसएचओ विक्रमजीत सिंह चौहान हमें तंग परेशान कर रहा है और चिट्टे का झूठा पर्चा डालने की धमकी दे रहा है। प्रेस वार्ता के दौरान सुरिंदर सिंह ने कहा कि एसएचओ अब उनसे पूछ रहा है कि उन्हें तस्करों को पकड़ने का अधिकार किसने दिया है। प्रेस वार्ता के दौरान सुरिंदर सिंह ने कहा कि उन्हें पंजाब सरकार ने यह अधिकार दिया है और उन्होंने लोगों से मिलकर साथ देकर नशे को खत्म करने की अपील की है। सुरिंदर सिंह का आरोप है कि एसएचओ ने 8 से 10 दिन पहले भी तस्करों को पकड़ने का काम बंद करने की धमकी दी थी।
जिसके बाद 20 सिंतबर को उनके द्वारा तस्कर को काबू करके पुलिस के हवाले किया गया। सेवादार का आरोप हैकि एसएचओ ने तस्कर से शिकायत ली, जिसमें कहा गया कि सत्कार कमेटी द्वारा उनसे 60 हजार रुपए लिए गए। सेवादार ने कहा कि उनके द्वारा जब तस्कर को काबू किया गया था तो उस समय आरोपी एक लाख रुपए छोड़ने के लिए दे रहा था। उनका कहना हैकि अगर उस समय कमेटी द्वारा एक लाख रुपए नहीं लिए गए तो पकड़ाने के बाद 60 हजार रुपए वह क्यों लेंगे। उन्होंने उच्च अधिकारियों से इंसाफ की गुहार लगाई है और कहा कि वह मामले को लेकर जल्द उच्च अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।