ब्यावरः हाईवे पर देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होने का मामला सामने आया है। लालपुरा के पास गुजरात से अजमेर ख्वाजा साहब की दरगाह से लौट रही वीडियो कोच बस ट्रक से टकरा गई। घटना रात करीब 1 बजे की है। हादसे में 55 यात्री घायल हो गए। घायलों में 25 लोगों को गंभीर हालत में राजकीय अमृतकौर अस्पताल, ब्यावर में भर्ती कराया गया। बाकी यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घायलों में एक बच्चा और दस महिलाएं भी शामिल हैं। 3 यात्रियों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। सभी यात्री भावनगर, गुजरात के रहने वाले हैं। वे अजमेर की ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में जियारत करके लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक के अचानक ब्रेक लगाने के चलते हादसा हुआ है। टक्कर में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस सेवाएं मौके पर पहुंची। हादसे के बाद हाईवे पर यातायात कुछ देर बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल किया।