पठानकोटः हाल ही में कबड्डी खिलाड़ी जग्गू का भावुक होते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसने अपने गांव के सरपंच पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि उनके गांव का सरपंच उनकी 2 कनाल जमीन जो उसने कबड्डी खेलकर बनाई है उसे गिराना चाहता है और उसे बार-बार धमकी दी जा रही है कि वह उसकी जमीन पर पीला पंजा चलाएंगे। इसमें गांव के कुछ अन्य लोग भी सरपंच का साथ दे रहे हैं। वहीं अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है जिसमें लोग सरपंच से इस तरह न करने की बात कह रहे हैं।
वीडियो में कबड्डी खिलाड़ी जग्गू निवासी गांव भोआ ने कहा कि उन्होंने कबड्डी खेलकर 2 कनाल जमीन ली थी जिसमें उसने घर बनाया हुआ है। इस घर में वह अपनी पत्नी और 5 साल के बेटे के साथ रहता है। पिछले दिनों वह कनाडा गया था और पीछे से उनके गांव का सरपंच घर में चौकीदार को भेज देता था कि वह घर में नहीं रह सकते हैं। जब वह कनाडा से आया और सरपंच से इस बारे में बात की तो उसने कहा कि घर की रजिस्ट्री करवा लो। उसने कहा कि वह मान गया कि रजिस्ट्री करवा लूंगा और सरपंच से साथ चलने की बात कही, लेकिन सरपंच उसे हर बार टाल देता है और उसके साथ जा नहीं रहा है।
उपर से उसे धमकी दी जाती है कि उसके घर पर पीला पंजा चलवा देंगे। उन्होंने रोते हुए कहा कि उनकी वजह से गांव का इतना नाम हुआ है और उसने कबड्डी के चलते ही गांव की पहचान बनाई है, लेकिन अब उसके साथ सरपंच और गांव के लोगों द्वारा ऐसा किया जा रहा है जैसे उसने कोई गलत काम किया है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन वह कई किलोमीटर गाड़ी चलाकर दूर-दूर खेलने जाता है और फिर गाड़ी चलाकर आता है। वह सच्चा है तभी इतनी मेहनत कर रहा है, लेकिन उसे बुरी तरह परेशान किया जा रहा है। उसने अपील की कि उसे ऐसे तंग न किया जाए।
