नेशनल डेस्क। तमिलनाडु से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां, शिवगंगा जिले में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पिल्लैयारपट्टी से करीब 5 किलोमीटर दूर तिरुपत्तूर इलाके में दो सरकारी बसें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि बसों के आगे का हिस्सा बुरी तरह से टूट गया। इस घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 20 यात्री घायल होने की खबर है। मिली जानकारी के अनुसार बताया जा है कि पुलिस और आसपास मौजूद लोगों की मदद से कई यात्रियों को बस से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
दुर्घटनाग्रस्त एक बस तिरुपुर से कराईकुडी जा रही थी, जबकि दूसरी बस कराईकुडी से डिंडीगुल की ओर जा रही थी।दोनों बसों के सामने से टकरा गई जिससे ये हादसा हो गया।
घटनास्थल से हादसे की तस्वीरें और वीडियो सामने आई जो बहुत दर्दनाक दिख रही है। एक बस का ड्राइवर साइड का हिस्सा पूरी तरह कुचल गया था। सड़क पर कई शव एक लाइन में पड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। एक महिला खिड़की के टूटे हिस्से से बाहर कूदती हुई दिखी। वहीं एक दूसरी महिला जमीन पर बैठी थी और उसके माथे से खून बह रहा था।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना के बाद पुलिस, स्थानीय लोग और मेडिकल टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और गंभीर रूप से घायल मरीजों को बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया।