नेशनल डेस्क। महाराष्ट्र के नांदेड़ से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अलग जाति में प्यार करने की कीमत एक युवक को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। लड़की के परिवारवालों ने बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। लड़के की मौत के बाद प्रेमिका ने अंतिम संस्कार के समय ही उसके नाम का सिंदूर भरकर हमेशा के लिए उसके परिवार के साथ रहने का फैसला किया।
कैसे शुरू हुआ रिश्ता
आंचल नाम की लड़की अपने भाइयों की पहचान के जरिए 20-साल के सक्षम टेटे से मिली थी। घर आने-जाने के दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आए और तीन साल से चुपचाप रिश्ता निभा रहे थे।
परिवार ने जाति के नाम पर किया विरोध
जैसे-जैसे रिश्ता मजबूत होता गया, आंचल के परिवार ने दबाव बनाना शुरू कर दिया। परिवार वालों को दोनों की जाति अलग होने पर आपत्ति थी। आंचल को कई बार धमकाया गया, लेकिन उसने सक्षम का साथ नहीं छोड़ा और रिश्ता जारी रखा।
लड़की के परिवार को शादी की भनक लगी
जब पिता और भाइयों को पता चला कि आंचल सक्षम से शादी करने वाली है, तो मामला और भड़क गया। उनका गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने युवक को खत्म करने की साज़िश रच दी।
निर्दयता की हद: पीटा, गोली मारी और पत्थर से कुचला
गुरुवार को आरोपी सक्षम को पकड़कर ले गए। पहले उसे बुरी तरह पीटा फिर उसके सिर में गोली मारी और बाद में उसका सिर पत्थर से कुचल दिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
अंतिम संस्कार पर प्रेमिका का बड़ा फैसला
जब सक्षम का अंतिम संस्कार हो रहा था, आंचल वहां पहुंची। उसने सक्षम के शरीर पर हल्दी लगाई। खुद के माथे पर उसका सिंदूर लगाया और उसके मृत शरीर से ही शादी कर ली। उसने सबके सामने कसम खाई कि वह अब अपनी पूरी जिंदगी सक्षम के घर में उसकी पत्नी बनकर ही रहेगी।
आंचल ने कहा- हमारा प्यार मरकर भी नहीं हारा
आंचल ने रोते हुए कहा मेरे पिता और भाई हमें अलग नहीं कर पाए। सक्षम भले ही अब इस दुनिया में नहीं है, लेकिन हमारा प्यार अभी भी जिंदा है। उसके हत्यारों को मौत की सजा मिलनी चाहिए।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस ने इस हत्या में शामिल छह लोगों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच जारी है।