खंड विकास अधिकारी के एल.वर्मा ने बंगाणा में किया ज्वॉइन ,बोले भ्रष्टाचार नहीं होगा बर्दाश्त
ऊना/सुशील पंडित: उपमंडल बंगाणा के नए खंड विकास अधिकारी एल. वर्मा ने कार्यभार संभालने के बाद कहा कि अब उपमंडल की पंचायतों में विकास कार्यों की गति सौ प्रतिशत बढ़ेगी और सरकार की हर योजना का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास की गति के साथ-साथ कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि कोई भी योजना सिर्फ कागज़ों में सीमित न रह जाए, बल्कि धरातल पर उसका असर दिखे।
के एल. वर्मा ने कहा कि उपमंडल बंगाणा की पंचायतें अब भ्रष्टाचार से मुक्त होंगी। हर विकास कार्य में पारदर्शिता लाई जाएगी और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं को तेज़ी से लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर जो भी समस्याएं लम्बे समय से लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाएं चाहे वह प्रधानमंत्री आवास योजना हो, मनरेगा के तहत रोजगार सृजन, जल जीवन मिशन, सड़क निर्माण, या सामाजिक कल्याण की योजनाएं सभी का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचाना प्रशासन का मुख्य लक्ष्य होगा। उन्होंने यह भी कहा कि विकास के हर क्षेत्र में जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी ताकि जनता खुद अपने गांवों के उत्थान में भाग ले सके।बीडीओ वर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विकास कार्यों की नियमित निरीक्षण और समीक्षा बैठकें की जाएंगी ताकि हर योजना निर्धारित समय पर पूरी हो सके।उन्होंने बताया कि पंचायतों में स्वच्छता, पेयजल, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और रोजगार सृजन जैसे क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने और उन्हें प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे।
के एल. वर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं, बल्कि उपमंडल बंगाणा को एक आदर्श विकास मॉडल के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे अपनी पंचायतों के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और किसी भी अनियमितता की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। खंड विकास अधिकारी के इस सकारात्मक दृष्टिकोण से लोगों में नई उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में बंगाणा क्षेत्र की पंचायतों में विकास की रफ्तार और पारदर्शिता दोनों में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।
पंचायतों में हर फंड के पेंडिंग राशि खर्च करवाना मुख्य उद्वेश्य
खंड बिकास अधिकारी के एल वर्मा ने कहा कि उपमंडल की पंचायतों में जो बकाया राशि चाहे वह एमपी फंड विधायक फंड या किसी भी निधि का पैसा जो पंचायतों के पेंडिंग पड़ा है। उसे खर्च करवाना उद्वेश्य रहेगा। उन्होंने कहा कि हर पंचायत जो खंड बिकास बंगाणा के अधीन आती है। उनके हर कार्य के गुणवत्ता की बारीकी से जांच होगी। ओर जहां भ्रष्टाचार दिखेगा। उन पर कार्यवाही होगी।