गुरदासपुरः जिले के साधूचक गांव में एक घर से 2 बच्चों को उसके पिता द्वारा जबरन ले जाने का मामला सामने आया है। वहीं इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें व्यक्ति द्वारा हथियारबंद युवकों को साथ लेकर अपने ससुराल में हंगामा किया जा रहा है।
ਪੰਜਾਬੀ ਵਿੱਚ ਪੜ੍ਹੋ:
ਗੁਰਦਾਸਪੁਰ ਦੇ ਪਿੰਡ ਸਾਧੂ ਚੱਕ ‘ਚ ਘਰ ਅੰਦਰੋਂ ਦੋ ਬੱਚਿਆਂ ਦਾ ਅਗਵਾ, ਸੀਸੀਟੀਵੀ ਫੁਟੇਜ ਸਾਹਮਣੇ
इस बारे में जानकारी देते पीड़ित महिला निर्मल कौर, जो पंजाब पुलिस से सेवानिवृत्त हैं, ने बताया कि उसकी बेटी दिलप्रीत कौर की शादी उसके पति मनदीप सिंह औलख निवासी तरनतारन के साथ हुई थी। उन्होंने बताया कि पिछले 2 सालों से उनकी बेटी अपने मायके गुरदासपुर के गांव साधूचक रह रही है, क्योंकि उसका पति उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। उनका तलाक का केस भी चल रहा है। इसी बीच, मनदीप सिंह खुलेआम गुंडागर्दी करते हुए अपने लगभग 15 हथियारबंद साथियों के साथ अपने ससुराल पहुंच गया और सुबह लगभग 6:30 बजे गेट फांदकर घर में घुस गया।
मनदीप सिंह की पत्नी और सास के अनुसार, उन्होंने घर में घुसकर गुंडागर्दी दिखाई और दोनों बेटों को जबरन उठा ले गए, जिनमें से बड़ा बेटा साढ़े 7 साल का और छोटा करीब 3 साल का है। दिलप्रीत कौर ने आरोप लगाए कि उसके पति के साथियों ने उसके साथ छेड़छाड़ भी की और उसके भाई को भी मारने की कोशिश की। इस दौरान सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
घटना की सूचना 112 पर देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित थाना सदर गुरदासपुर के एसएचओ अमनदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस इस मामले में मीडिया के सामने बोलने को तैयार नहीं है। दूसरी और इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है कि इस तरह दिन दिहाड़े किसी के घर में आकर बच्चे ले जाने गुंडागर्दी का सबूत है। लोगों ने पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है।