अमृतसरः सदर थाने के बाहर गोली चलने की घटना सामने आई है। जहां सीआरपीएफ के पूर्व डीएसपी ने पत्नी, बेटे सहित अन्य महिला पर गोलियां चला दी। इस घटना में तीनों लोग गोली लगने से घायल हो गए। जिन्हें पुलिस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया। बताया जा रहा है कि तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं थाने के बाहर गोलियां चलने को लेकर लोगों में हड़कंप मच गया है।
वहीं मौके पर पुलिस ने पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है। सेवा मुक्त डीएसपी की पहचान तरसेम सिंह के रूप में हुई है, जो कि सीआरपीएफ का पूर्व अधिकारी बताया जा रहा है। इसका अपनी पत्नी के साथ काफी लंबे समय से टकराव चला आ रहा था और उसने दूसरा विवाह कर लिया था। मिली जानकारी के अनुसार जायदाद को लेकर विवाद चल रहा था।
इस बीच तरसेम सिंह ने अपनी रिवॉल्वर निकाली और पहले पत्नी जागीर कौर, फिर बेटे बचितर और पुत्रवधू परमजीत कौर को गोली मार दी। करीब 4 राउंड फायरिंग की गई।इस घटना में तीनों सड़क पर गिर गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाई और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बेटे बचितर ने दम तोड़ दिया। एसीपी ऋषभ भोला ने बताया कि आरोपी राजासांसी का रहने वाला है।
फायरिंग के तुरंत बाद नाके पर खड़ी पुलिस ने तरसेम सिंह को पकड़ लिया। इसके बाद उसे मजीठा रोड थाने में पेश किया गया। एसीपी ने बताया कि तरसेम की 2 शादियां हुई हैं। पहली पत्नी और बेटे से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा है। इसी झगड़े के दौरान तरसेम सिंह ने ये कदम उठाया। जिस वेपन से फायरिंग की गई, वे लाइसेंसी है। बेटे की हालत ज्यादा गंभीर है, बाकी अभी जांच जारी है।