डीगः जिले में एक युवती द्वारा फंदा लगाकर सुसाइड करने का मामला सामने आया है। युवती ने सुसाइड से पहले एक वीडियो भी बनाया था। इसमें उसने एक लाइब्रेरी संचालक को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया। वहीं मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि लाइब्रेरी संचालक ने अश्लील वीडियो बनाकर उसके साथ रेप किया था। वह एक साल से ब्लैकमेल कर उसे परेशान कर रहा था।
जानकारी मुताबिक, मंगलवार देर रात परिवार के लोग सो रहे थे। बेटी भी उनके साथ सो रही थी। इस दौरान उसने दूसरे कमरे में जाकर फंदा लगा लिया। सुबह जब हम उठे तो उसका शव पंखे के कड़े से लटका देखा। इसके बाद परिजन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजन को सौंप दिया है। युवती ने सुसाइड से पहले एक वीडियो बनाया था। बताया जा रहा है कि यह वीडियो युवती के मोबाइल में सेव था। वीडियो में युवती ने कहा था कि लाइब्रेरी संचालक पिछले एक साल से मुझे परेशान कर रहा है।
थाना अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि युवती के पिता ने बुधवार शाम करीब 5 बजे FIR दर्ज करवाई है जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी 21 साल की बेटी कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी के लिए एक लाइब्रेरी में जाती थी। 30 साल के लाइब्रेरी संचालक ने उसके अश्लील फोटो-वीडियो बना लिए, जिन्हें दिखाकर वह उसे ब्लैकमेल कर रहा था और उसके साथ रेप भी किया।
लाइब्रेरी संचालक से परेशान होकर बेटी ने उसका नंबर ब्लैकलिस्ट में भी डाल दिया था। उसके बाद भी लाइब्रेरी संचालक दूसरे नंबरों से कॉल कर बेटी को परेशान करता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाए कि वह मेरे बेटे को जान से मारने की धमकी भी देता था। उससे परेशान होकर बेटी ने सारी घटना मुझे और परिवार वालों को बताई। जब हम लोग लाइब्रेरी संचालक के घर गए तो उसके परिजन लड़ने को तैयार हो गए जिससे बेटी और ज्यादा परेशान हो गई।